RAIPUR : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की घोषणा का त्वरित असर: कोसरंगी की दीदियों को मिली 50 निःशुल्क सिलाई मशीनें…
रायपुर, 23 मई (वेदांत समाचार)। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai द्वारा आरंग विकासखंड के एलआरसी सेंटर, कोसरंगी के दौरे के दौरान की गई घोषणा पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आज मीरा एवं राधा ग्राम संगठन की महिलाओं को 50 निःशुल्क सिलाई मशीनें वितरित की गईं।मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान ग्राम संगठन की महिलाओं से मुलाकात कर उनकी आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली थी। जन चौपाल में महिलाओं ने स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए सिलाई मशीन उपलब्ध कराने की मांग रखी थी।

इस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल अधिकारियों को मशीनें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे।मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में ग्राम संगठन की महिलाओं को सिलाई मशीनें प्रदान कीं। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य गुरु सौरभ साहेब एवं जनपद पंचायत आरंग अध्यक्ष श्रीमती ताकेश्वरी मुरली साहू उपस्थित रहीं।
ग्राम संगठन की सदस्य श्रीमती सपना पटेल ने बताया कि जन चौपाल में मुख्यमंत्री से सिलाई मशीन की मांग करने के अगले ही दिन उन्हें मशीन उपलब्ध करा दी गई। वहीं मीरा ग्राम संगठन की सदस्य श्रीमती यशोदा मांडले ने भी खुशी जताते हुए कहा कि इससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।महिलाओं ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होगा।
