tea est
R.O. No. 13952/23
R.O. No. 13952/23

  रायपुर –  छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में काम कर रहे अतिथि शिक्षकों के मानदेय भुगतान के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने 18 करोड़ 42 लाख रुपए का बजट जारी किया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जारी इस राशि से प्रदेश के 25 जिलों में कार्यरत 1,535 अतिथि शिक्षकों को 6 महीने का मानदेय दिया जाएगा। लोक शिक्षण संचालनालय ने इसके लिए 18 सितंबर को आदेश जारी किया है।

प्रावधान के मुताबिक, हर अतिथि शिक्षक को हर महीने 20 हजार रुपए मानदेय दिया जाता है। इस हिसाब से 6 महीने के लिए एक शिक्षक को 1 लाख 20 हजार रुपए मिलेंगे। जिलों में काम कर रहे अतिथि शिक्षकों की संख्या के आधार पर संबंधित जिला स्तर पर भुगतान के लिए राशि आवंटित की गई है।

बलरामपुर में सबसे ज्यादा 220 अतिथि शिक्षक

जिलों में अतिथि शिक्षकों की संख्या के मामले में बलरामपुर सबसे आगे है। यहां 220 अतिथि शिक्षक काम कर रहे हैं। इनके 6 महीने के मानदेय के लिए 2 करोड़ 64 लाख रुपए आवंटित किए गए हैं।

इसके बाद कोंडागांव में 141 अतिथि शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 69 लाख 20 हजार रुपए और बस्तर में 133 शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 59 लाख 60 हजार रुपए का बजट दिया गया है।

सूरजपुर में 130 अतिथि शिक्षकों के मानदेय के लिए 1 करोड़ 56 लाख रुपए और कांकेर में 126 शिक्षकों के लिए 1 करोड़ 51 लाख 20 हजार रुपए आवंटित किए गए हैं। सरगुजा में 71 अतिथि शिक्षकों के लिए 85 लाख 20 हजार रुपए का प्रावधान किया गया है।

बस्तर संभाग के सभी 7 जिलों को मिला बजट

मानदेय भुगतान के लिए जारी आवंटन में बस्तर संभाग के सभी सात जिलों को शामिल किया गया है। इनमें बस्तर, कांकेर और कोंडागांव के अलावा दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर शामिल हैं।

दंतेवाड़ा के 31 अतिथि शिक्षकों के लिए 37 लाख 20 हजार रुपए, सुकमा के 48 शिक्षकों के लिए 57 लाख 60 हजार रुपए और बीजापुर के 48 शिक्षकों के लिए भी 57 लाख 60 हजार रुपए आवंटित किए गए हैं। वहीं, नारायणपुर में 36 अतिथि शिक्षकों के छह महीने के मानदेय के लिए 43 लाख 20 हजार रुपए का प्रावधान किया गया है।

विभाग ने जिलों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों की संख्या के आधार पर बजट मुहैया कराया है, ताकि उनके मानदेय का भुगतान किया जा सके।

Spread the word