सीएम के दावेदार के रूप में उभरे ताम्रध्वज साहू

न्यूज एक्शन। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के इकलौते सांसद होने के नाते ताम्रध्वज साहू का कद लगातार बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस से सीएम दावेदार के रूप में ताम्रध्वज साहू उभर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में सत्ता पलट होने के साथ कांग्रेस की सरकार बनने की स्थिति में ताम्रध्वज साहू को पार्टी सीएम घोषित कर सकती है। वैसे भी पूर्व कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी एवं कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के खासमखास ताम्रध्वज साहू माने जाते हैं। यही कारण है कि अब हाईकमान ने इन्हें अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए बनी तीन कमेटियों में से एक घोषणापत्र कमेटी में रखा है। तीनों कमेटियों की सूची में छत्तीसगढ़ से इन्हीं का एकमात्र नाम है। ताम्रध्वज साहू को मार्च में पिछड़ा वर्ग कांग्रेस प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके बाद जुलाई में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की, तब भी कार्यकारी सदस्यों में सांसद साहू का नाम था।सांसद साहू प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया पैनलिस्ट, प्रदेश चुनाव अभियान समिति और प्रदेश योजना एवं रणनीति समिति के सदस्य भी हैं। साहू को पिछड़ा वर्ग का नेता होने के कारण हाईकमान राष्ट्रीय स्तर पर लगातार तवज्जो दिया जा रहा है। इसके अलावा श्री साहू सन् 1998 से 2000 तक मध्यप्रदेश राज्य विधानसभा सदस्य, सन् 2000 से 2003 तक छग शासन राज्य मंत्री एवं 2000 से 2013 तक तीन कार्यकाल छग विधानसभा सदस्य रह चुके हैं। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सरोज पांडेय को हराकर ताम्रध्वज साहू ने छग के इकलौते कांग्रेस सांसद चुने गए थे। कांग्रेस आलाकमान उनके कार्यों, अनुभव एवं जिम्मेदाराना छवि से भलीभांति वाकिफ हैं। इसे देखते हुए पार्टी में यह चर्चा शुरू हो गई है कि साहू मुख्यमंत्री पद के भी प्रबल दावेदार बन गए हैं।

Spread the word

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *