
कोरबा 3 सितम्बर। बांगो थाना अंतर्गत चोटिया चौक में स्थित संजय आदित्य मेडिकल एवं सह संजय जनरल स्टोर में आधी रात के लगभग भीषण आगजनी से लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। कितने का नुकसान हुआए यह जांच एवं मिलान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार बांगो थाना अंतर्गत चोटिया चौक में कटघोरा निवासी व्यवसायी रमेश गर्ग पिता इतवारी लाल गर्ग आदित्य मेडिकल एवं संजय जनरल स्टोर का संचालन करते हैं। रोजाना की भांति दोनों दुकानों को उनके संचालक समय से बंद करके स्टाफ समेत खाना खाने चले गए। इसी दौरान अचानक आधी रात के लगभग दुकान से जोरदार धुआं और आग की लपटें निकलने लगी। देखते ही देखते जनरल स्टोर एवं मेडिकल स्टोर में भीषण आग लग गई। इसकी जानकारी होने पर फायर ब्रिगेड को भी स्थानीय स्तर पर सूचना उपलब्ध कराई गई जिसके बाद अग्निशमन कर्मी भी वाहन लेकर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने में कामयाब हुए लेकिन तब तक लाखों का सामान जलकर खाक हो चुका था। इस आगजनी के संबंध में बांगो थाने की पुलिस से जानकारी चाहने पर उनके द्वारा स्पष्ट रूप से जानकारी दी गई कि आज सुबह से लेकर दोपहर 12 बजे तक उक्त आगजनी के संबंध में किसी तरह जानकारी संबंधित दुकान के संचालक एवं वहां के सरपंच आदि के द्वारा नहीं दी गई है। जानकारी मिलने या रिपोर्ट दर्ज कराए जाने पर इस मामले में आगजनी का मामला दर्ज कर लिया जाएगा। फिलहाल इस घटना की रिपोर्टकर्ता के आने का पुलिस द्वारा इंतजार किया जा रहा है। ज्ञात रहे कि यह घटना शार्ट सर्किट से हुई या किसी विघ्न संतोषी तत्व के द्वारा घटित की गई। इसका खुलासा विस्तृत विवेचना के पश्चात ही हो सकेगा।
