
कोरबा 20 जुलाई। नगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आदतन बदमाश सूरज हथठेल की संदिग्ध परिस्थितियों में बीती रात मौत हो गई। चर्चा है कि उसकी मौत कथित प्रताणना से पुलिस हिरासत में हुई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात सूरज हथठेल को पकड़ कर दर्री से सिविल लाइन थाना ले जाया गया था। अल्लसुबह करीब 5.30 बजे उसे मेडिकल कालेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉ अंशुल ने परिक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूरज हथठेल के शरीर पर चोट के निशान भी नजर आ रहे हैं। सूरज हथठेल जिले का आदतन बदमाश बताया जाता है, जिसके खिलाफ जिले में दस से अधिक अपराध दर्ज हैं। कुछ दिनों पहले ही सिविल लाइन थाना में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का ताज मामला दर्ज किया गया था।
एक चर्चा यह भी है कि कई दिनों से फरार चल रहा सूरज हथठेल पिछली रात पुलिस को देखकर भागने लगा और भागते भागते जमीन पर गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोट आई और अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
बहरहाल मामला संदिग्ध है और इसकी उच्च स्तरीय जांच की जरूरत बताई जा रही है।

